
भारत रक्षक न्यूज
महराजगंज जनपद के विभिन्न गांवों में इन दिनों रसोई गैस की गंभीर समस्या देखने को मिल रही है। गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस बुकिंग कराने के बावजूद कई दिनों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिससे आम लोगों के सामने रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।
जनपद के फुलवरिया, इमिलिया, शिकारपुर, भिसवा, दरौली, बल्लों, पंडरी, रमपुरवा, सतभरिया, गिदहा, परसा, गिदहीं, सिन्दुरिया, धनेवा, धनेई, बैकुंठपुर सहित आसपास के कई गांवों में गैस की कमी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस एजेंसियों द्वारा समय पर सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गृहिणियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रसोई गैस खत्म होने के बाद कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद भी 10 से 15 दिन तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कई बार एजेंसी पर सिलेंडर होने के बावजूद सही जानकारी नहीं दी जाती और उपभोक्ताओं को इंतजार करने के लिए कहा जाता है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों से मांग की है कि गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।



