उत्तरप्रदेशक्राइम

शादी की जिद में 100 फीट ऊंचाई पर चढ़ा आशिक पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

बिपिन सिंह महराजगंज

भारत रक्षक न्यूज 

महराजगंज, कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा टोला शहीदपुर में गुरुवार की भोर एकतरफा प्रेम का मामला उस समय खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब 25 वर्षीय युवक अपनी कथित प्रेमिका से शादी की जिद में करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटहरा टोला शहीदपुर निवासी इंसाद पुत्र सिराजुद्दीन का अपने रिश्तेदारी की एक युवती से पिछले लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध होने का दावा किया जा रहा है। युवक का कहना है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों ने उसकी शादी गांव के ही दूसरे युवक से तय कर दी है, जिसकी तिथि 5-6 जून निर्धारित है। इस निर्णय से आहत युवक मानसिक तनाव में आ गया।
बताया जाता है कि गुरुवार तड़के करीब 4 बजे युवक गांव में पूर्व प्रधान कमलेश सिंह के घर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह होते ही जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी नागेन्द्र मणि ने पुलिस टीम के साथ करीब चार घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने रणनीति बदलते हुए युवती को कोतवाली बुलाया।
युवती के मौके पर पहुंचने के बाद ही युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सकुशल नीचे उतार लिया और उसे हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है।
इस दौरान युवती ने स्पष्ट रूप से युवक से शादी करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह अपने माता-पिता के निर्णय के अनुसार ही विवाह करेगी। साथ ही उसने युवक के साथ किसी भी प्रकार के प्रेम संबंध से भी इनकार किया।
घटना के दौरान गांव में घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और लोग इस पूरे ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ की चर्चा करते नजर आए। हालांकि पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी नागेन्द्र मणि ने बताया कि युवक, युवती और उनके परिजनों को कोतवाली लाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। युवती ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने माता-पिता के निर्णय के अनुसार ही विवाह करेगी और युवक से उसका कोई प्रेम संबंध नहीं है।

Bharat Rakshak News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!