उत्तरप्रदेशक्राइम

चनकौली प्रकरण: ग्रामीणों का आठवें दिन समाप्त हुआ क्रमिक अनशन, प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन

भारत रक्षक न्यूज 

एसडीएम ने अनशन स्थल पहुंचकर ग्रामीणों से की वार्ता, डीएम के निर्देश पर जल्द जांच का भरोसा

प्रधान व सचिव पर कार्रवाई की मांग को लेकर शुरू हुआ था आंदोलन ।

महराजगंज। सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा चनकौली में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा था। ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर चल रहा ग्रामीणों का क्रमिक अनशन आठवें दिन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
बताया जाता है कि ग्राम सभा में विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलनरत थे। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर क्रमिक अनशन शुरू किया गया था, जो आठवें दिन तक जारी रहा। अनशनकारियों का कहना था कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।अनशन के आठवें दिन प्रशासन की ओर से पहल करते हुए संबंधित मंडल के एसडीएम ने अनशन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी के निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की जल्द ही निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना क्रमिक अनशन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ग्राम सभा में हुए विकास कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान अनशन में समाजसेवी रामसनेही निषाद सहित अवधेश कुमार, श्रीराम सैनी, रवि धारिया, वल्लू शर्मा, हरिपाल निषाद, सुकई भारती, महेंद्र भारती, निरंजन और सुभाष समेत कई ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि निर्धारित समय में जांच नहीं हुई तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Bharat Rakshak News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!