ग्रामीण पत्रकारों की एकजुटता पर जोर, अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन मजबूत करने का आह्वान

भारत रक्षक न्यूज
सदर ब्लाक सभागार में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का एक दिवसीय बैठक सम्पन्न
महराजगंज। जिले के सदर ब्लॉक सभागार में रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकार समाज की जमीनी समस्याओं को उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बावजूद इसके, जब स्वयं पत्रकारों पर कोई संकट आता है तो वे अक्सर खुद को अकेला महसूस करते हैं। इसी आवश्यकता को देखते हुए वर्ष 1982 में बाबू बालेश्वर लाल ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की स्थापना की थी, ताकि पत्रकारों को एक मजबूत मंच मिल सके।
उन्होंने संगठन की एकता पर बल देते हुए कहा कि सभी पत्रकारों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए आगे आना होगा। साथ ही उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने भरोसा दिलाया कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन मजबूती से उसके साथ खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्र जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार पाण्डेय ,आनंद कुमार पाण्डेय, विवेक कुमार पाण्डेय, अंबिका दत्त चौबे, दिनेश मिश्रा, विनोद कुमार द्विवेदी,, विमलेश कुमार पाण्डेय,, अभिनव पाण्डेय, अर्जुन चौधरी, संदीप सिंह, शत्रुघ्न पाण्डेय, नागेंद्र दुबे, अमित मिश्रा, मदन मुरारी चौबे, विप्लव मद्धेशिया, सगुन शर्मा, आत्मा सिंह सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
बैठक के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।



