प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब भगवामय हुआ शिकारपुर
बिपिन सिंह महराजगंज
भारत रक्षक न्यूज
महराजगंज,भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आज महराजगंज पहुंचने पर पूरा जनपद उत्सव में डूब गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका ऐतिहासिक व जोरदार स्वागत किया। शिकारपुर से पहले क्रेन के सहारे अत्यंत वजनी फूलों की मालाएं सजाई गईं, वहीं 5000 से अधिक कार्यकर्ता सड़कों पर कतारबद्ध होकर अपने नेता के स्वागत में खड़े नजर आए।
प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए 20 फीट ऊंचा भव्य स्वागत द्वार बनाया गया। कतरारी एवं टोल प्लाजा से लेकर नगर के प्रमुख चौराहों और भाजपा जिला कार्यालय तक स्वागत का सिलसिला लगातार चलता रहा। ढोल-नगाड़ों, नारों और फूलों की बारिश के बीच पूरा माहौल भाजपा के रंग में रंगा नजर आया।
इस अभूतपूर्व स्वागत से भावुक प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने भावुक स्वर में कहा,
“मैं एक कार्यकर्ता-केंद्रित नेता हूं। जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग, समन्वय और आशीर्वाद से ही आज इस मुकाम तक पहुंचा हूं। महाराजगंज की महान जनता और देवतुल्य कार्यकर्ताओं का स्नेह मेरे राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।”
यह कहते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े, जिसे देख कार्यकर्ताओं में भावनात्मक माहौल बन गया।
शिकारपुर चौराहे पर सिसवा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धीरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने समर्थकों के साथ भव्य आयोजन कर पुरजोर समर्थन के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए संगठन की ताकत का संदेश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन को पार्टी की असली ताकत और पहचान बताते हुए कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही सशक्त होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए इसे हम सभी का सामूहिक दायित्व बताया।



