
भारत रक्षक न्यूज
महराजगंज एन एच 730 पर करीब चार बजे भोर में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया। बसहिया खुर्द के समीप ओवरटेक के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी दूसरे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और दोनों वाहनों के चालक व खलासी सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिर्जापुर से गिट्टी लादकर महराजगंज की ओर आ रही एक ट्रेलर ने आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बसहिया खुर्द के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर के चालक की पहचान बसहिया खुर्द निवासी धर्मदेव यादव के रूप में हुई है, जबकि टक्कर मारने वाली ट्रेलर का चालक आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी दीपक यादव बताया गया है। राहत की बात यह रही कि दोनों चालक और उनके खलासी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात व्यवस्था शीघ्र ही सामान्य हो सकी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में जरा सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। समय रहते बड़ा नुकसान टल जाने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर रही है।



