भारत रक्षक न्यूज
महराजगंज/घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ियार बिशनपुर गांव में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बारात में आए दूल्हे के ड्राइवर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान जितेंद्र खरवार (37 वर्ष) पुत्र शंभू खरवार, निवासी थाना कसया, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। वह कुशीनगर जिले से पड़ियार बिशनपुर आई बारात में दूल्हे का वाहन चालक था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात कुशीनगर से बारात पकड़ियार बिशनपुर पहुंची थी। विवाह से जुड़े सभी रस्में और कार्यक्रम सामान्य रूप से संपन्न हो गए। देर रात जब बारात के लोग वापसी की तैयारी करने लगे, तब दूल्हे के ड्राइवर जितेंद्र खरवार की तलाश की गई, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो लोगों की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद जहां बारात ठहरी हुई थी, उसी स्थान के पास एक संकरी गली में जितेंद्र का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की जानकारी तत्काल घुघली थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।



